कोण्डागांव

पेंशनधारी कल्याण संघ की बैठक में लंबित मांगों पर चर्चा
12-Jul-2026 10:48 PM
पेंशनधारी कल्याण संघ की बैठक में लंबित मांगों पर चर्चा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 12 जुलाई। छत्तीसगढ़ पेंशनधारी कल्याण संघ (1881) जिला शाखा कोंडागांव की एक आवश्यक बैठक शनिवार को स्थानीय पेंशनर भवन में संपन्न हुई। बैठक में शासन स्तर पर पेंशनरों की लंबित मांगों, भवन के संधारण (रंगाई-पुताई) और सदस्यों की व्यक्तिगत समस्याओं के निराकरण जैसे संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान संघ के दिवंगत वरिष्ठ सदस्यों को भावभीनी श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।

बैठक की शुरुआत में संघ के वरिष्ठ सदस्य एवं फॉरेस्ट कॉलोनी निवासी स्वर्गीय नामदेव निंबालकर (जिनका निधन 4 जुलाई 2026 को हुआ) के सम्मान में दो मिनट का मौन रखा गया। उपस्थित सभी सदस्यों ने मौन धारण कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।

इसके पश्चात, छत्तीसगढ़ पेंशनधारी कल्याण संघ के संस्थापक एवं प्रथम प्रांताध्यक्ष रहे स्व. जगत सिंह बैंस की पांचवीं पुण्यतिथि के अवसर पर उन्हें याद किया गया। बैठक में उपस्थित वरिष्ठ सदस्यों द्वारा स्वर्गीय बैंस के जीवन परिचय और संगठन की स्थापना में उनके योगदान से सभी को अवगत कराया गया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के अंतिम चरण में उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण किया गया तथा धूप-दीप प्रज्वलित कर उपस्थित सभी पेंशनरों ने उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।

बैठक में  शासन स्तर पर पेंशनरों की रुकी हुई और लंबित मांगों को लेकर आगामी रणनीति पर विचार-विमर्श हुआ। पेंशनर भवन की रंगाई-पुताई और उस पर होने वाले व्यय (खर्च) की रूपरेखा को सर्वसम्मति से स्वीकृति दी गई। संघ के विभिन्न सदस्यों की व्यक्तिगत और पेंशन संबंधी व्यावहारिक समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित निराकरण पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी सदस्यों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बैठक की समाप्ति की घोषणा की गई। इस पूरे आयोजन और निर्णयों की आधिकारिक जानकारी छत्तीसगढ़ पेंशनधारी कल्याण संघ कोंडागांव के जिला अध्यक्ष इंजीनियर एस.पी. विश्वकर्मा द्वारा प्रदान की गई।


अन्य पोस्ट