कोण्डागांव

पत्रकार बन अवैध वसूली, 2 बंदी, कार, मोबाइल व नगदी जब्त
11-Jul-2026 10:52 PM
पत्रकार बन अवैध  वसूली, 2 बंदी, कार, मोबाइल व नगदी जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 11 जुलाई। कोण्डागांव पुलिस ने पत्रकार बनकर लोगों को भयभीत कर कथित अवैध वसूली करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक कार, एक मोबाइल एवं 30 हजार रुपये नगद सहित कुल 6 लाख 40 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार थाना कोण्डागांव क्षेत्र के जामपदर पारा निवासी प्रार्थी तिमिर प्रकाश पटेल द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी कि दो व्यक्ति स्वयं को पत्रकार बताकर उनकी बीज भंडार दुकान पर पहुंचे।

आरोप है कि उन्होंने दुकान की फोटो एवं वीडियो बनाकर समाचार प्रकाशित करने, बदनाम करने तथा जेल भिजवाने की धमकी देते हुए 30 हजार रुपये की वसूली की। शिकायत के आधार पर थाना कोण्डागांव में  धारा 308(2), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

पुलिस अफसरों के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर तत्काल कार्रवाई की गई। विवेचना के दौरान आरोपी कार्तिकेश्वर कश्यप  मावलीगुड़ा, थाना बस्तर एवं विशाल सोनी करेकोटपारा, पण्डरीपानी, थाना परपा, जिला बस्तर को गिरफ्तार किया गया।

 पूछताछ में आरोपियों ने स्वयं को पत्रकार बताकर लोगों को समाचार प्रकाशित कर बदनाम करने का भय दिखाते हुए रुपये वसूलने की बात स्वीकार की। आरोपियों के कब्जे से एक डिजायर कार क्रमांक सीजी 17 एलसी 6661, एक मोबाइल फोन तथा 30,000 रुपये नगद जब्त किए गए हैं। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य लगभग 6 लाख 40 हजार रुपये है। दोनों आरोपियों को  गिरफ्तार कर  न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।


अन्य पोस्ट