कोण्डागांव

13 से 18 तक चलेगा एचपीवी विशेष टीकाकरण सप्ताह
11-Jul-2026 10:47 PM
13 से 18 तक चलेगा एचपीवी विशेष टीकाकरण सप्ताह

पात्र बालिकाओं को नि:शुल्क टीका लगवाने स्वास्थ्य विभाग की अपील

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 11 जुलाई। संचालक स्वास्थ्य सेवाएं, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के मार्गदर्शन में जिले में 13 से 18 जुलाई तक ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) विशेष टीकाकरण सप्ताह आयोजित किया जाएगा। यह अभियान महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य उन सभी पात्र बालिकाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करना है, जो अब तक एचपीवी वैक्सीन से वंचित रह गई हैं।

स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्य में एचपीवी टीकाकरण अभियान 16 मार्च  से संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत कोण्डागांव जिले में लगभग 6,720 पात्र बालिकाओं के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वर्तमान में अपेक्षाकृत कम बालिकाओं का टीकाकरण हो पाने के कारण शेष पात्र बालिकाओं तक वैक्सीन पहुंचाने के लिए विशेष टीकाकरण सप्ताह आयोजित किया जा रहा है।

विशेष अभियान के दौरान जिले के सभी विकासखंडों में माइक्रोप्लान तैयार किए जाएंगे। स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा तथा नियमित टीकाकरण सत्रों एवं स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से पात्र बालिकाओं को टीका लगाया जाएगा। साथ ही प्रत्येक लाभार्थी का विवरण यू-विन पोर्टल पर रियल-टाइम दर्ज किया जाएगा, जिससे अभियान की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सके।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. चतुर्वेदी तथा जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. प्रतीक चौधरी ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी पात्र बेटियों को निकटतम स्वास्थ्य केंद्र अथवा निर्धारित टीकाकरण सत्र में ले जाकर एचपीवी का नि:शुल्क टीका अवश्य लगवाएं। उन्होंने बताया कि एचपीवी टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाव का एक प्रभावी एवं सुरक्षित माध्यम है।

स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से इस विशेष टीकाकरण अभियान में सक्रिय सहयोग करने तथा पात्र बालिकाओं को समय पर टीकाकरण के लिए प्रेरित करने की अपील की है, ताकि जिले में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में प्रभावी कदम उठाया जा सके।


अन्य पोस्ट