कोण्डागांव
‘मिशन कटहल’ का किया शुभारंभ, पौधरोपण भी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 11 जुलाई। ग्राम गोलावंड स्थित संयुक्त एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय परिसर में शुक्रवार को वन मंत्री केदार कश्यप के मुख्य आतिथ्य में जिला स्तरीय वन महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ वृक्षारोपण महाअभियान के तहत वन मंत्री ने ग्राम गोलावंड में हितग्राही बालकृष्ण यादव एवं रैनु बघेल के बाड़ी में जाकर कटहल के पौधे का रोपण किया। साथ ही ग्राफ्टेड कटहल के पौधे वितरित कर ‘मिशन कटहल’ का शुभारंभ किया। इसके बाद विद्यालय परिसर में 200 विभिन्न प्रजातियों के फलदार पौधों का सामूहिक रोपण किया गया।
वन मंत्री श्री कश्यप ने छात्र-छात्राओं, ग्रामीणों, गायता, पुजारी, पटेल, कोटवार तथा अधिकारियों-कर्मचारियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए वनों की सुरक्षा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर देशभर में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया जा रहा है।
उन्होंने वन विभाग की पहल की सराहना करते हुए कहा कि आज वितरित किए जा रहे फलदार पौधे भविष्य में ग्रामीणों की आय बढ़ाने के साथ हरियाली को भी समृद्ध करेंगे। वन मंत्री ने कहा कि वन हमारे लिए अमूल्य प्राकृतिक धरोहर हैं, जिनसे अनेक प्रकार की वनोपज प्राप्त होती है। इन्हें आने वाली पीढिय़ों के लिए संरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने विद्यार्थियों से विद्यालय एवं अपने घरों में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने तथा मन लगाकर पढ़ाई करते हुए अपने माता-पिता का नाम रोशन करने का आग्रह किया। उन्होंने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर बल देते हुए कहा कि रासायनिक उर्वरकों के दुष्प्रभाव से भूमि की उर्वरा शक्ति प्रभावित हो रही है, इसलिए किसानों को पुन: जैविक एवं प्राकृतिक खेती की ओर अग्रसर होना चाहिए।
इस अवसर पर वन मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दृढ़ संकल्प और सुरक्षा बलों के जवानों के साहस से यह क्षेत्र माओवाद के प्रभाव से मुक्त हुआ है। अब भयमुक्त वातावरण में दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास कार्य तेजी से पहुंच रहे हैं और आने वाले समय में बस्तर देश के सबसे समृद्ध एवं विकसित क्षेत्रों में शामिल होगा।