कोण्डागांव
बस्तर का बताकर हाट बाजार में खपाने का आरोप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 10 जुलाई। बस्तर के जंगलों में मिलने वाले प्रसिद्ध मौसमी वन उत्पाद बोड़ा के नाम पर कोण्डागांव के हाट बाजार में कथित तौर पर निम्न गुणवत्ता का बोड़ा खपाए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गरियाबंद की ओर से कोचिया व्यापारी वाहनों में बड़ी मात्रा में बोड़ा लाकर स्थानीय सब्जी कोचियों को बेच रहे हैं, जिसके बाद इसे बस्तर का बोड़ा बताकर ग्राहकों को ऊंचे दामों में बेचा जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार गरियाबंद से लाया जा रहा बोड़ा गुणवत्ता के मामले में बेहद खराब है। कई बोड़ा अंदर से काले, पचपचे, सडऩयुक्त और बदबूदार हैं, जिन पर मक्खियां भिनभिनाती देखी जा रही हैं। इसके बावजूद इन्हें बस्तर के जंगलों में मिलने वाला ताजा बोड़ा बताकर बाजार में खपाया जा रहा है। इससे उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य पर खतरा मंडराने के साथ-साथ बस्तर के प्राकृतिक बोड़ा की पहचान और विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
इस संबंध में खाद्य सुरक्षा विभाग के अभिहित अधिकारी रोशन वर्मा ने बताया कि मीडिया के माध्यम से कोण्डागांव हाट बाजार में निम्न स्तर का बोड़ा बेचे जाने की जानकारी मिली है। मामले को गंभीरता से लेते हुए बाजार का निरीक्षण किया जाएगा। जांच के दौरान यदि शिकायत सही पाई जाती है, तो संबंधित व्यापारियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक नियमों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।