कोण्डागांव

13 से विशेष एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान, स्वास्थ्य विभाग की त्रैमासिक समीक्षा बैठक
10-Jul-2026 11:07 PM
 13 से विशेष एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान, स्वास्थ्य विभाग की त्रैमासिक समीक्षा बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 10 जुलाई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी  डॉ. आर. के. चतुर्वेदी के निर्देशानुसार जिले के सभी विकासखंडों में त्रैमासिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में विकासखंड कोंडागांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के नवीन भवन स्थित मीटिंग हॉल में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई।

इस बैठक में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरेंद्र बघेल, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक नीरज सोरी और खंड प्रसार प्रशिक्षक अधिकारी सुनीता सरकार सहित विकासखंड स्तर के समस्त नोडल अधिकारियों की उपस्थिति में केंद्रवार कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बताया गया कि 13 से 18 जुलाई तक विशेष एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान चलेगा।

बैठक के दौरान विकासखंड के अंतर्गत आने वाले सभी 58 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों और सामुदायिक आवश्यकता के अनुरूप तैयार किए गए स्वास्थ्य लक्ष्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान कई बिंदुओं पर ध्यान केंद्रित किया गया- टीबी और मलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम की प्रगति। प्रथम तिमाही में गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत पंजीयन व नियमित जांच। उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान कर पीएचसी स्तर से नियमित ट्रैकिंग। संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए उचित परामर्श और पूर्ण टीकाकरण।

आगामी मौसम को देखते हुए अधिकारियों ने मैदानी अमले को विशेष निर्देश दिए हैं। वर्षा ऋतु के दौरान नदी-नालों और बाढ़ से प्रभावित होने वाले दूरस्थ गांवों व पारों (मजरों) में स्वास्थ्य सुविधाओं की नियमित निगरानी रखने को कहा गया है। इसके साथ ही, स्वास्थ्य पर्यवेक्षकों और सेक्टर प्रभारियों को प्रति सप्ताह सेक्टर स्तर पर सभी विभागीय कार्यक्रमों की अनिवार्य रूप से समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला टीकाकरण शाखा की सहायक नोडल अधिकारी रुक्मणी उपाध्याय ने बैठक में पूर्ण टीकाकरण की स्थिति और यू-विन पोर्टल में शत-प्रतिशत एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया- वर्तमान में 14 से 15 वर्ष की लक्षित किशोरी बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी का टीका लगाया जा रहा है। इस संबंध में समुदाय के भीतर व्यापक प्रचार-प्रसार कर जागरूकता लाएं। इसके लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र  स्तर पर विशेष कार्ययोजना बनाकर 13 से 18 जुलाई तक विशेष अभियान चलाकर प्रगति लाएं।

टीबी मरीजों की देखभाल और निक्षय मित्र पर जोर

टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के जिला सलाहकार कॉन्तेश देवांगन ने टीबी मरीजों की दवाओं की उपलब्धता और उनके नियमित फॉलोअप की समीक्षा की। उन्होंने मैदानी स्टाफ को निर्देशित किया कि क्षेत्र में अधिक से अधिक च्निक्षय मित्रज् बनाए जाएं, ताकि मरीजों को पौष्टिक आहार के माध्यम से सामाजिक सहयोग प्रदान किया जा सके।

गैर-संचारी रोगों की शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग का लक्ष्य

एनसीडी (गैर-संचारी रोग) की जिला सलाहकार शीला यादव ने सभी गांवों में 30 वर्ष से अधिक आयु के शत-प्रतिशत नागरिकों की स्क्रीनिंग करने की बात कही। उन्होंने बीपी, शुगर, एनीमिया, सिकलसेल और कैंसर के संभावित मरीजों की पहचान, रेफरल और उपचार की समीक्षा करते हुए सभी केंद्रों को मासिक लक्ष्य पूर्ण कर पोर्टल पर समय पर एंट्री करने के निर्देश दिए।

इस समीक्षा बैठक में विकासखंड के सभी नोडल अधिकारी, सभी 9 सेक्टरों के प्रभारी, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में पदस्थ कर्मचारी और सेक्टरों के डाटा ऑपरेटर मुख्य रूप से उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट