कोण्डागांव
भेंट की स्टील की थालियां
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 10 जुलाई। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी ‘न्योता भोज’ पहल के तहत केशकाल की एसडीएम आकांक्षा नायक ने बुधवार को अपना जन्मदिन विकासखंड के ग्राम बटराली स्थित प्राथमिक शाला में स्कूली बच्चों के बीच मनाया।
इस दौरान उन्होंने बच्चों एवं विद्यालय स्टाफ के साथ केक काटा और सभी विद्यार्थियों के लिए विशेष भोजन की व्यवस्था कराई। एसडीएम ने बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर भोजन ग्रहण किया। बच्चों ने भी केक काटकर तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
जन्मदिन को और भी यादगार बनाते हुए एसडीएम ने विद्यालय के लगभग 100 विद्यार्थियों को मध्यान्ह भोजन के लिए अपनी ओर से स्टील की थालियां भेंट कीं। उनकी इस पहल की विद्यालय स्टाफ, बच्चों और ग्रामीणों ने सराहना की।
कार्यक्रम में ग्राम बटराली की सरपंच माहेश्वरी हिंडको, खंड शिक्षा अधिकारी के. एस. पोया, प्रधानाध्यापक राजाराम नेताम, गणेश चंद्र देवांगन, राजेश कुमार उइके, कुशल बैध, भूपेंद्र साहू, किरण सक्सेना, गोमती नेताम, विद्यालय का समस्त स्टाफ तथा एसडीएम आकांक्षा नायक के माता-पिता एवं अन्य परिजन उपस्थित रहे।