कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 7 जुलाई। पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, महात्मा गांधी वार्ड में शनिवार को शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से नवप्रवेशी विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित किया गया।
नए शिक्षण सत्र 2026-27 के अंतर्गत विद्यालय में लगभग 100 बच्चों ने प्रवेश लिया। शाला प्रवेश उत्सव के अवसर पर इन नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं पुष्प भेंट कर स्वागत किया गया। साथ ही कक्षा पांचवीं से आठवीं तक के विद्यार्थियों को निशुल्क गणवेश तथा कक्षा नौवीं के विद्यार्थियों को पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि वार्ड पार्षद लक्ष्मी ध्रुव थीं, जबकि अध्यक्षता एसएमडीसी अध्यक्ष मनीष देवांगन ने की। विद्यालय की प्राचार्या शोभा आचार्य एवं उप प्राचार्य शांति लाल सलाम की उपस्थिति में आयोजित समारोह में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर अतिथियों ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर अध्ययन करने तथा अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश दिया। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों की शिक्षा में सक्रिय सहयोग करने का आग्रह किया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोडऩा तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, नवप्रवेशी विद्यार्थियों के पालक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, उल्लास और शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण देखने को मिला।