कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 7 जुलाई। जिला अधिवक्ता संघ कोण्डागांव वर्ष 2026 का चुनाव 6 जुलाई को शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस बार केवल अध्यक्ष पद के लिए मतदान कराया गया, जबकि अन्य सभी पदों पर प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। अधिवक्ता दीपक ठाकुर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अधिवक्ता प्रशांत मिश्रा को 51 मतों के अंतर से पराजित करते हुए लगातार दूसरी बार जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष बने।
निर्वाचन परिणाम के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए कुल 83 मतदाताओं ने मतदान किया, जिसमें अधिवक्ता दीपक ठाकुर को 62 मत प्राप्त हुए, जबकि अधिवक्ता प्रशांत मिश्रा को 11 मत मिले। इस प्रकार दीपक ठाकुर ने स्पष्ट बहुमत के साथ जीत दर्ज कर दोबारा संघ की कमान संभाली। परिणाम घोषित होते ही अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उनकी टीम का स्वागत कर उन्हें बधाई दी।
चुनाव में दीपक ठाकुर के पैनल के सभी प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए। उपाध्यक्ष पद पर अधिवक्ता नरेंद्र देवांगन, सचिव पद पर सगा राम कोर्राम, सह सचिव पद पर निशा वासनिकर, कोषाध्यक्ष पद पर नरेश नाइक, क्रीड़ा सचिव पद पर नितेश जैन तथा कार्यकारिणी सदस्य के रूप में गोपाल दीक्षित, संजय शार्दुल, गौरव जैन और प्रशांत दत्ता निर्विरोध चुने गए। वहीं महिला उपाध्यक्ष, महिला ग्रंथपाल, महिला कार्यकारिणी सदस्य तथा सांस्कृतिक सचिव के रिक्त पदों पर संघ के प्रावधानों के अनुसार बाद में मनोनयन किया जाएगा।
निर्वाचन परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष दीपक ठाकुर एवं सभी पदाधिकारियों ने अधिवक्ता संघ के मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। दीपक ठाकुर ने कहा कि अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा, उनके अधिकारों की रक्षा तथा उनके हितों को प्रभावित करने वाले किसी भी प्रयास का संघ पूरी मजबूती से विरोध करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि आमजन को न्याय सुलभ कराने के उद्देश्य से कोण्डागांव में उपभोक्ता फोरम एवं श्रम न्यायालय की लिंक कोर्ट की स्थापना के लिए पूर्व कार्यकाल में शुरू किए गए प्रयासों को अब और अधिक गति देकर उन्हें अंतिम परिणाम तक पहुंचाया जाएगा।
संघ के पूर्व सह सचिव एवं नवनिर्वाचित कार्यकारिणी सदस्य अधिवक्ता गौरव जैन ने कहा कि यह जीत पिछले दो वर्षों में किए गए कार्यों और अधिवक्ताओं के विश्वास की जीत है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं ने दीपक ठाकुर के नेतृत्व पर दोबारा भरोसा जताया है, जिसके लिए वे सभी मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जिला अधिवक्ता संघ आगे भी अधिवक्ता हितों के साथ-साथ जनहित के मुद्दों पर सक्रिय और प्रतिबद्ध रहेगा।
चुनाव परिणाम के बाद अधिवक्ता आलोक दुबे, सुरेन्द्र भट्ट, दिलीप जैन, गोपाल दीक्षित, तिलक पांडे, सारंग धर, धन्नू साहू, अशफाक खान, संजय शार्दुल, महेश बघेल, वलय राहा, निपेंद्र मिश्रा, धीरेन्द्र श्रीवास्तव, अनीश श्रीवास्तव, गौरव जैन, प्रशांत दत्ता, सगा राम कोर्राम, नरेंद्र देवांगन, जयदेव साहू, निशांत दत्ता, अक्षत ठाकुर, भोले सिन्हा, निशा वासनिकर, अवधेश प्रयाग, मदन हालदार, नितेश जैन, नरेंद्र साहू, नवनीत सिंह बदेशा, आदर्श चौहान, रायसिंह, फूलदास, संतोष तिवारी, उमा मानिकपुरी, रतिराम, रामलाल उसेंडी, विजय कोर्राम, दिनेश ध्रुव, मनोज नेताम, बेबी रॉय, त्रिवेणी नेताम, दिव्यांश जैन, भुवनेश्वर यादव, सुरेखा संजोली जैन, अनुराधा नाग, मनीषा शर्मा, रुक्मणि, रामेश्वरी, कामेश्वरी, गजेंद्र ठाकुर, केशव ठाकुर, संजय नेताम, ललिता नाग, करिश्मा जुर्री, कोइना शर्मा, मानसी टावरी, गायत्री सिन्हा, निशा सुराणा, राधा मरापी, दीपक जैन, चुन्नी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने खुशी व्यक्त करते हुए नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। नगरवासियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।