कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 5 जुलाई। कोण्डागांव जिले के विकासखंड माकड़ी के कांटागांव में विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जुगबती पोयाम, अध्यक्ष, जनपद पंचायत माकड़ी रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता बैसाखू कोर्राम, उपाध्यक्ष, जनपद पंचायत माकड़ी ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में रदमा सुदर बघेल, सदस्य, जिला पंचायत कोंडागांव, जनपद सदस्य मेशलाल पोयाम, अंगद पटेल, रामलाल नेताम, पन्नालाल नेताम, जुगबती नेताम एवं पूजा शर्मा, मोतीराम मरकाम, सरपंच, ग्राम पंचायत काँटागांव तथा सोना राम शोरी, सरपंच, ग्राम पंचायत उदेंगा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 1वीं के 56 एवं कक्षा 6वीं के 52 विद्यार्थियों को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तक, गणवेश, स्कूल बैग, जूता-मोजा एवं छाता वितरित किए गए। वहीं कक्षा 9वीं के 30 विद्यार्थियों को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तक, स्कूल बैग, जूता-मोजा एवं छाता प्रदान किए गए।
इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना शिक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने जीवन में अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।
साथ ही पालकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की।
मुख्य अतिथि एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को शिक्षा का महत्व बताते हुए मेहनत, अनुशासन एवं संस्कारों के साथ आगे बढऩे की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही देश का भविष्य हैं और शासन द्वारा संचालित विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं का लाभ उठाकर उन्हें अपने सपनों को साकार करना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों द्वारा विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी गईं तथा सभी ने शिक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और शत-प्रतिशत नामांकन एवं नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी, सभी शिक्षक संघों के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएँ, पालकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ शामिल हुए।