कोण्डागांव

महंत 3 दिन के बस्तर दौरे पर, कोण्डागांव में कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन और बस्तर के विकास पर चर्चा
04-Jul-2026 3:49 PM
 महंत 3 दिन के बस्तर दौरे पर, कोण्डागांव में कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन और बस्तर के विकास पर चर्चा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 4 जुलाई। छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत शुक्रवार को अपने तीन दिवसीय बस्तर प्रवास के तहत कोण्डागांव पहुंचे।

पुराने विश्राम गृह में राज्यसभा सांसद फूलों देवी नेताम, पूर्व मंत्री मोहन मरकाम, पूर्व मंत्री शंकर सोढ़ी, छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज, जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि घोष सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठनात्मक गतिविधियों तथा क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बताया कि नेता प्रतिपक्ष का बस्तर दौरा मां दंतेश्वरी के दर्शन और कार्यकर्ताओं से संवाद के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस दौरान डॉ. महंत ने दंतेवाड़ा में मां दंतेश्वरी के दर्शन किए, भैरमगढ़ में विधायक विक्रम मंडावी से मुलाकात की तथा कार्यकर्ता सम्मेलन में भी शामिल हुए।

 कोण्डागांव में वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन को और मजबूत बनाने तथा कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने पर चर्चा की गई। यूथ कांग्रेस चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर बैज ने कहा कि युवा कांग्रेस का चुनाव उसका अपना कार्यक्रम है, जबकि प्रदेश कांग्रेस कमेटी अपने संगठनात्मक कार्यों में जुटी हुई है।

नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि उनके बस्तर दौरे का उद्देश्य धार्मिक दर्शन के साथ-साथ नक्सल समस्या कम होने के बाद क्षेत्र के विकास की संभावनाओं और स्थानीय लोगों की अपेक्षाओं को समझना है। उन्होंने कहा कि वे जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से मिले सुझावों को आगामी विधानसभा सत्र में उठाएंगे।

उन्होंने जंगलों की कटाई, किसानों की समस्याओं, भूमि से जुड़े मुद्दों तथा बोधघाट परियोजना को लेकर स्थानीय चिंताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन विषयों को समझने के लिए वे स्वयं बस्तर आए हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय है तथा सभी मिलकर संगठन को मजबूत करने और भविष्य की राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयारी कर रहे हैं।

 


अन्य पोस्ट