कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 3 जुलाई। कोण्डागांव पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर मोटरसाइकिल से गांजा तस्करी करते नाबालिग समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 10.335 किलोग्राम गांजा और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति एक पल्सर मोटरसाइकिल में मादक पदार्थ गांजा छिपाकर उड़ीसा से मध्य प्रदेश की ओर ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दुधगांव चौक के पास चेक पोस्ट लगाकर नाकाबंदी की। चेकिंग के दौरान हुलिए से मिलती-जुलती मोटरसाइकिल को रोककर पूछताछ की गई।
वाहन चालक ने अपना नाम अखिलेश दुबे मध्य प्रदेश बताया। उसके साथ मोटरसाइकिल पर एक नाबालिग भी सवार था। पुलिस द्वारा नियमानुसार तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल की डिक्की से 3 किलोग्राम और वाहन की सीट के भीतर छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ।
जब्त किए गए कुल 10.335 किलोग्राम गांजे की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 2 लाख रुपये और मोटरसाइकिल की कीमत करीब 70,000 रुपये बताई गई है।
आरोपियों का यह कृत्य धारा 20 (ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत पाए जाने पर पुलिस ने कुल 2,70,000 रुपये का मशरूका जब्त कर मामला दर्ज किया। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा और एसडीओपी कोंडागांव रूपेश कुमार के मार्गदर्शन में कोण्डागांव पुलिस टीम द्वारा की गई।