कोण्डागांव

स्वास्थ्य कार्यक्रमों में जन जागरूकता के लिए सिरहा गुनिया सम्मेलन
03-Jul-2026 10:18 PM
स्वास्थ्य कार्यक्रमों में जन जागरूकता के लिए सिरहा गुनिया सम्मेलन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 3 जुलाई। जिला कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना की पहल और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर. के. चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में कोण्डागांव जिले के समस्त विकासखंडों में स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने के लिए सिरहा गुनिया सम्मेलन आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में 2 जुलाई को विकासखंड माकड़ी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में सिरहा गुनिया सम्मेलन का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ माकड़ी के प्रमुख माता पुजारी पूना राम मरकाम और अन्य गांवों से आए सिरहा गुनिया द्वारा पारंपरिक देवी-देवताओं के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस सम्मेलन में विकासखंड माकड़ी के विभिन्न गांवों से 90 प्रमुख सिरहा गुनिया और बैगा उपस्थित हुए, जिनका श्रीफल और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया।

खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश धरत और प्रभारी खंड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी देवराम नेताम ने बताया कि बस्तर क्षेत्र में पारंपरिक रीति-रिवाजों पर स्थानीय समुदाय का गहरा विश्वास है। बीमारी की स्थिति में लोग अक्सर सर्वप्रथम स्थानीय सिरहा गुनिया या पुजारी के पास जाते हैं, जिससे कई बार अस्पताल पहुंचने और उपचार शुरू होने में विलंब हो जाता है। इसी समस्या के समाधान के लिए स्वास्थ्य विभाग और सिरहा गुनिया को एक साथ जोडक़र कार्य करने की योजना बनाई गई है ताकि जमीनी स्तर पर सकारात्मक परिणाम मिल सकें।

सम्मेलन में उपस्थित पारंपरिक चिकित्सकों को मुख्य जानकारियां और निर्देश दिए गए।

मलेरिया मुक्त अभियान (14वां चरण): 15 जून से 14 जुलाई  तक चलने वाले इस अभियान के तहत स्वास्थ्य टीमें घर-घर जाकर रैपिड टेस्ट किट से खून की जांच कर रही हैं। संक्रमण पाए जाने पर मरीज को तुरंत पहली खुराक दी जाएगी और शेष खुराक मितानिन की देखरेख में दी जाएगी।

लक्षण और बचाव:  मलेरिया के लक्षण (तेज बुखार, कंपकंपी, उल्टी, दस्त, सिरदर्द) की जानकारी दी गई और मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानी का उपयोग करने व घरों में कीटनाशक छिडक़ाव कराने की सलाह दी गई।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा सिरहा गुनिया से अपील की गई कि वे एनीमिया (खून की कमी), टीबी, कुष्ठ रोग, मधुमेह (शुगर) और मौसमी बीमारियों के साथ-साथ बरसात के मौसम में सर्पदंश के मामलों की तुरंत सूचना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र या जिला अस्पताल को दें। इसके अलावा उपस्थित लोगों को आयुष्मान भारत योजना के तहत कार्ड बनाने और उससे मिलने वाले लाभों की भी जानकारी दी गई।

सम्मेलन में उपस्थित सिरहा गुनिया ने स्वास्थ्य विभाग के इन प्रयासों में सहयोग करने की बात कही। इस अवसर पर डॉ. भौमिक बारकर, मलेरिया टेक्निकल सुपरवाइजर मनसुख सोरी, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक रघुनाथ नेताम सहित टीबी कार्यक्रम और स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट