कोण्डागांव

वीबी-जी राम जी का शुभारंभ
02-Jul-2026 10:21 PM
वीबी-जी राम जी का शुभारंभ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 2 जुलाई। विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) (वीबी-जी राम जी )का राष्ट्रीय स्तर पर गुरुवार को वर्चुअल शुभारंभ किया गया। केन्द्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला मुख्यालय कोण्डागांव के कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित प्रथम तल सभागार में देखा गया।

इस दौरान नगर पालिका परिषद अध्यक्ष नरपति पटेल, कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई सहित जनप्रतिनिधि, सरपंच, पंचायत प्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 कार्यक्रम में मिशन की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया गया कि योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आजीविका के अवसरों का विस्तार किया जाएगा। योजना के तहत अब पात्र ग्रामीण परिवारों को पूर्व के 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही मनरेगा अंतर्गत मिलने वाली दैनिक मजदूरी 262 रुपए से बढ़ाकर 300 रुपए कर दी गई है। इसके अलावा मजदूरी का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया है। यदि निर्धारित समय सीमा में भुगतान नहीं होता है तो नियमानुसार क्षतिपूर्ति का प्रावधान भी रहेगा। कार्यक्रम में जल संरक्षण सहित विभिन्न विकास कार्यों की स्वीकृति और क्रियान्वयन प्रक्रिया की भी विस्तार से जानकारी दी गई।


अन्य पोस्ट