कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 1 जुलाई। जिला मुख्यालय कोंडागांव में पुराने बस स्टैंड के बंद होने के बाद चिखलपुटी स्थित नवीन बस स्टैंड से नियमित बसों का संचालन किया जा रहा है। वहीं शहर के भीतर यात्रियों की सुविधा के लिए प्रशासन ने अस्थायी रूप से चौपाटी मैदान के पास फुट ओवर ब्रिज के नीचे बसों के रुकने की व्यवस्था की थी। लेकिन इस स्थान पर अब तक यात्री प्रतीक्षालय सहित किसी भी प्रकार की बुनियादी सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई है।
भीषण गर्मी के बाद अब मानसून की शुरुआत हो चुकी है। ऐसे में बस का इंतजार करने वाले यात्रियों को तेज धूप के साथ-साथ बारिश का भी सामना करना पड़ रहा है। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और दूर-दराज से आने वाले ग्रामीणों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थान पर अस्थायी यात्री प्रतीक्षालय का निर्माण कराया जाना चाहिए, ताकि यात्रियों को मौसम की मार से राहत मिल सके।
नागरिकों ने यह भी मांग उठाई है कि बस स्टॉप पर स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था और सुलभ शौचालय का निर्माण कराया जाए। उनका कहना है कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री यहां बसों का इंतजार करते हैं, लेकिन मूलभूत सुविधाओं के अभाव में उन्हें काफी असुविधा होती है। विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के लिए शौचालय एवं पेयजल जैसी सुविधाएं अत्यंत आवश्यक हैं।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि चौपाटी मैदान स्थित इस अस्थायी बस स्टॉप पर यात्री प्रतीक्षालय, पेयजल और सुलभ शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराई जाएं, ताकि आम लोगों को धूप, बारिश और अन्य परेशानियों से राहत मिल सके।