कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 30 जून। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत गुजरात भ्रमण पर गए कोण्डागांव जिले के यात्री यात्रा पूरी कर सकुशल लौट आए। इस दौरान यात्रियों ने विश्व प्रसिद्ध सोमनाथ ज्योतिर्लिंग मंदिर में दर्शन-पूजन कर प्रदेश और जिले की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके अलावा उन्होंने भालका तीर्थ, राम मंदिर, बाणगंगा बीच तथा शाम को आयोजित लेजर लाइट एंड साउंड शो का भी आनंद लिया।
यात्रा में शामिल कई ग्रामीणों के लिए यह जीवन का यादगार अनुभव रहा। सूरज तामर, दशमन, अजमीला सोरी और धनारू पोयम ने पहली बार ट्रेन में सफर किया। उन्होंने बताया कि पहली बार रेल यात्रा और देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिलने से वे बेहद उत्साहित रहे।
यात्रा में शामिल रीता चालकी ने बताया कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत आयोजित इस यात्रा में शामिल होना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात रही। उन्होंने सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन किए, भालका तीर्थ, राम मंदिर और बाणगंगा बीच का भ्रमण किया तथा लेजर लाइट शो का आनंद लिया। उन्होंने इस यात्रा के लिए छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
यात्रा में रीता चालकी, नानकी वैष्णव, दुर्गेश्वरी, सोनमणि सहित अन्य श्रद्धालु शामिल रहे। यात्रा का समन्वय एवं संचालन जिला नोडल अधिकारी रामकुमार कुंजाम ने किया। यात्रियों ने बताया कि यह भ्रमण धार्मिक आस्था के साथ-साथ देश की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर को करीब से जानने का भी अवसर बना।