कोण्डागांव
जरूरतमंद बच्चे को मिला नया परिवार
कोण्डागांव, 27 जून। कोण्डागांव जिले में बच्चों के संरक्षण और पुनर्वास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए समुदाय आधारित फोस्टर केयर योजना के तहत पहला मामला शुरू किया गया है। इस योजना के अंतर्गत समुदाय के ही एक पालक परिवार को चिन्हित कर एक जरूरतमंद बच्चे की देखभाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे बच्चे को पारिवारिक माहौल में सुरक्षित और स्नेहपूर्ण वातावरण मिल सकेगा, जिससे उसके बेहतर भविष्य का रास्ता खुलेगा।
फोस्टर केयर योजना उन बच्चों के लिए है, जो किसी कारण से अपने माता-पिता या परिवार के साथ नहीं रह पा रहे हैं। ऐसे बच्चों को किसी अन्य योग्य परिवार में अस्थायी रूप से रखकर उनकी शिक्षा, देखभाल और पालन-पोषण की व्यवस्था की जाती है। जिला प्रशासन और बाल संरक्षण इकाई का कहना है कि इस पहल से न केवल एक बच्चे को नया सहारा मिला है, बल्कि समाज की भागीदारी से बाल संरक्षण व्यवस्था भी मजबूत होगी।
प्रशासन को उम्मीद है कि आने वाले समय में अधिक से अधिक लोग इस योजना से जुडक़र जरूरतमंद बच्चों के बेहतर भविष्य के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएंगे।