कोण्डागांव

जिले में पल्स पोलियो अभियान की तैयारियां पूरी
27-Jun-2026 9:53 PM
 जिले में पल्स पोलियो अभियान की तैयारियां पूरी

76 हजार से अधिक बच्चों का लक्ष्य और 781 बूथ तैयार

कोण्डागांव, 27 जून। कोण्डागांव जिले के सभी विकासखण्डों में पल्स पोलियो कार्यक्रम के लिए तैयारियां की गई हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 28 जून को विकासखण्ड स्तर पर पोलियो अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पल्स पोलियो बूथ पर दो बूंद दवा पिलाने की व्यवस्था की गई है।

स्वास्थ्य विभाग ने इस अभियान के लिए जिले में कुल 76,188 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य रखा है। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए जिला कोण्डागांव में कुल 781 बूथ बनाए गए हैं, जहां स्वास्थ्य कर्मचारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और मितानिनों की ड्यूटी लगाई गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा टीकाकरण अधिकारी के मार्गदर्शन में इन सभी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और मितानिनों को आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है।

अभियान को सफल बनाने के लिए विकासखण्ड स्तर पर प्रत्येक ग्राम में कोटवारों के माध्यम से मुनादी (घोषणा) कराने की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही, प्रत्येक गांव में पोस्टर और नारा लेखन के जरिए कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी बूथ पर ले जाकर दो बूंद दवा अवश्य पिलाएं और इस अभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।


अन्य पोस्ट