कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 26 जून। कोंडागांव विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खड़पड़ी में संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत खड़पड़ी के सरपंच रायधर कोराम थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष रूपधर नाग ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत कोरमेल की सरपंच सनसती कश्यप उपस्थित रहीं। विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खड़पड़ी के प्राचार्य नीलम सिंह ठाकुर ने स्वागत भाषण में अतिथियों का अभिनंदन किया। उन्होंने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में नव-प्रवेशी छात्र-छात्राओं को नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्य ने शासन की विभिन्न छात्र-हितैषी योजनाओं की जानकारी दी ताकि कोई भी विद्यार्थी इनसे वंचित न रहे।
शिक्षा से ही संभव है बौद्धिक विकास- सरपंच
मुख्य अतिथि रायधर कोराम ने कहा, शिक्षा वह साधन है जिसके बिना व्यक्ति के बौद्धिक विकास की कल्पना करना संभव नहीं है। शिक्षा के माध्यम से ही मंजिल तक पहुंचा जा सकता है। उन्होंने शाला एवं शिक्षा के विकास के लिए हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया।
अध्यक्ष रूपधर नाग ने विद्यार्थियों से कहा कि शिक्षा के बिना जीवन में अज्ञानता का अंधकार रहता है, इसलिए नियमित अध्ययन आवश्यक है। विशिष्ट अतिथि सनसती कश्यप ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
सामान वितरण और नेवता भोज
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा नव-प्रवेशी छात्र-छात्राओं को पाठ्यपुस्तकें और गणवेश (यूनिफॉर्म) वितरित किए गए। शाला प्रवेश उत्सव के अवसर पर विद्यार्थियों और उपस्थित अतिथियों के लिए शासन की मंशानुरूप च्नेवता भोजज् की व्यवस्था भी की गई थी।कार्यक्रम के अंत में व्याख्याता भारत राम मंडावी ने आभार प्रदर्शन किया। मंच का संचालन चंद्रभान कोराम द्वारा किया गया। इस आयोजन में विद्यालय एवं संकुल के समस्त स्टाफ का सहयोग रहा।