कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 26 जून। प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से आयोजित जन-जंगल यात्रा-2.0 का आयोजन शनिवार को किया जाएगा। कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में नगरवासी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं सामाजिक संगठन इस जन-जागरूकता यात्रा में शामिल होंगे।
यात्रा का शुभारंभ शनिवार सुबह केशकाल बस स्टैंड से होगा, जहां से सभी सहभागी गढ़सिल्यारा की ओर ट्रैकिंग करते हुए प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण बचाने का संदेश देंगे। यात्रा के दौरान वन संरक्षण, जल स्रोतों के संवर्धन, स्वच्छता तथा पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।
विधायक नीलकंठ टेकाम ने सभी प्रतिभागियों से अधिक से अधिक संख्या में यात्रा में शामिल होने की अपील करते हुए कहा है कि पर्यावरण संरक्षण केवल शासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। विधायक ने कहा कि जन-जंगल यात्रा का उद्देश्य आमजन को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाना तथा आने वाली पीढिय़ों के लिए सुरक्षित एवं स्वच्छ पर्यावरण का संदेश देना है।
आयोजन को लेकर प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यात्रा मार्ग पर पेयजल, स्वास्थ्य, सुरक्षा, स्वच्छता एवं यातायात की समुचित व्यवस्था की गई है। प्रतिभागियों से ट्रैकिंग के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा निर्धारित ड्रेस कोड के अनुरूप जूते पहनकर शामिल होने की अपील की गई है।