कोण्डागांव

वित्तीय अनियमितता: डीपीएम, डीएएम और डीटीसी की संविदा सेवा समाप्त
24-Jun-2026 9:58 PM
वित्तीय अनियमितता: डीपीएम, डीएएम और डीटीसी की संविदा सेवा समाप्त

कोण्डागांव, 24 जून। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन छत्तीसगढ़ ने कोण्डागांव जिले में वर्ष 2022-23 से 2024-25 के दौरान विभिन्न योजनाओं की निविदा प्रक्रिया में कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में बड़ी कार्रवाई की है।

जांच समिति की रिपोर्ट और प्राप्त स्पष्टीकरणों को असंतोषजनक मानते हुए राज्य कार्यालय ने जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) भावना महलवार, जिला लेखा प्रबंधक (डीएएम) शीतल कुमार ताम्रकार तथा जिला प्रशिक्षण समन्वयक/एचआर (डीटीसी) दिलीप कुमार मधुकर की संविदा सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी हैं।

जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि जांच के दौरान नियमों, निर्देशों एवं प्रक्रियाओं की अवहेलना कर कार्य संपादित किए जाने तथा वित्तीय अनियमितता पाए जाने के आरोप प्रथम दृष्टया प्रमाणित हुए। तीनों अधिकारियों को पूर्व में कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था, लेकिन प्रस्तुत स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए गए। इसके बाद मानव संसाधन नीति-2018 की कंडिका 34.3 के तहत एक माह का मानदेय प्रदान करते हुए उनकी संविदा सेवा समाप्त करने का आदेश जारी किया गया है। आदेश 23 जून को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, नवा रायपुर से जारी किया गया।


अन्य पोस्ट