कोण्डागांव
मानदेय बढ़ाने और पंचायतों को अधिक अधिकार देने की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 24 जून। जिला सरपंच संघ कोण्डागांव ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। कलेक्टर की अनुपस्थिति में ज्ञापन संयुक्त कलेक्टर को सौंपा गया। जिले के पांचों विकासखंड कोण्डागांव, फरसगांव, केशकाल, माकड़ी और बड़ेराजपुर के सरपंच इस दौरान उपस्थित रहे।
ज्ञापन में ग्राम पंचायतों के संचालन में आ रही प्रशासनिक, वित्तीय और व्यावहारिक समस्याओं का उल्लेख करते हुए उनके समाधान की मांग की गई। सरपंच संघ ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों को जमीनी स्तर पर विकास कार्यों के क्रियान्वयन में कई प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे पंचायतों की कार्यक्षमता प्रभावित हो रही है और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों की गति भी प्रभावित हो रही है।
सरपंच संघ ने ज्ञापन के माध्यम से सरपंचों का मासिक मानदेय वर्तमान 4 हजार रुपये से बढ़ाकर 15 हजार रुपये करने, प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक स्वतंत्र सचिव की नियुक्ति करने तथा 16वें वित्त आयोग की राशि शीघ्र जारी करने की मांग की है। इसके अलावा संघ ने 50 लाख रुपये तक के स्वीकृत निर्माण कार्यों की एजेंसी सीधे ग्राम पंचायतों को दिए जाने की मांग उठाई। संघ का कहना है कि पंचायतों को पर्याप्त वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार मिलने से स्थानीय जरूरतों के अनुरूप कार्यों का बेहतर संचालन संभव होगा और विकास कार्यों में पारदर्शिता व जवाबदेही भी बढ़ेगी। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि वर्तमान में कई निर्माण कार्य अन्य एजेंसियों के माध्यम से कराए जा रहे हैं, जिससे पंचायतों की भूमिका सीमित हो रही है।
ज्ञापन में पंचायत प्रतिनिधियों ने सुशासन तिहार, बस्तर मुन्ने, बस्तर ओलंपिक तथा बस्तर पण्डूम जैसे विभिन्न शासकीय आयोजनों के संचालन के लिए अतिरिक्त वित्तीय प्रावधान किए जाने की मांग भी रखी।
साथ ही पंचायतों को विभिन्न योजनाओं के संचालन एवं रिकॉर्ड संधारण के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। संघ ने बाहरी व्यक्तियों द्वारा सूचना के अधिकार (आरटीआई) अधिनियम के कथित दुरुपयोग का मुद्दा भी उठाते हुए कहा कि बार-बार और अनावश्यक जानकारी मांगने से जनप्रतिनिधियों पर अतिरिक्त दबाव बनता है तथा पंचायतों के नियमित कार्य प्रभावित होते हैं।
सरपंच संघ के प्रतिनिधि एवं ग्राम पंचायत मैनपुर के सरपंच झाड़ीराम सलाम ने बताया कि जिले के सभी विकासखंडों के सरपंच पंचायत हितों से जुड़े मुद्दों पर एकजुट हैं। उन्होंने कहा कि सरपंच जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधि हैं और उन्हें प्रभावी ढंग से कार्य करने के लिए पर्याप्त अधिकार, संसाधन और सम्मानजनक मानदेय मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं होती है तो सरपंच संघ अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री एवं पंचायत मंत्री से भी मुलाकात करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन में विभिन्न राजनीतिक विचारधाराओं के लोग शामिल हैं, लेकिन पंचायतों के हित और ग्रामीण विकास के मुद्दों पर सभी सरपंच एक मंच पर रहकर गैर-राजनीतिक तरीके से कार्य कर रहे हैं।