कोण्डागांव
कोंडागांव, 23 जून। नगर पालिका परिषद कोंडागांव में नव पदस्थ मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) सचिन गुप्ता ने 17 जून से पदभार ग्रहण कर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट की हैं।
मंगलवार को मीडिया से चर्चा में उन्होंने कहा कि नगर की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। इसके तहत नेशनल हाईवे, नवीन बस स्टैंड, साप्ताहिक बाजार सहित प्रमुख क्षेत्रों में नियमित सफाई सुनिश्चित की जाएगी तथा स्वयं मॉर्निंग विजिट कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे।
सचिन गुप्ता ने कहा कि नगर के प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करना भी उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने नागरिक सुविधाओं में सुधार, बेहतर प्रबंधन और जन अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करने का भरोसा दिलाया। उनके पदभार संभालने से नगरवासियों में बेहतर प्रशासन और सुविधाओं की उम्मीद बढ़ी है।