कोण्डागांव
कोंडागांव, 22 जून। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के तत्वावधान में संचालित निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन केंद्र कोंडागांव ब्लॉक, फरसगांव ब्लॉक और बड़ेराजपुर ब्लॉक में 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया।
बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा ने निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण लेने वाले समस्त युवक एवं युवतियों को बताया कि योग एक प्राचीन पद्धति है जो शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के बीच संतुलन बनाती है। इसके नियमित अभ्यास से लचीलापन बढ़ता है, तनाव और चिंता दूर होती है, हृदय स्वास्थ्य बेहतर होता है, और रोग प्रतिरोधक क्षमता (इम्युनिटी) मजबूत होती है।
ज्ञात हो कि अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोडागांव के द्वारा वर्ष 2020 से कोंडागांव ब्लॉक, फरसगांव ब्लॉक और बड़ेराजपुर ब्लॉक में निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है, ताकि कोंडागांव जिला से अधिक से अधिक संख्या में युवाओं का सैन्य सेवा में चयन हो सके और इसके साथ-साथ स्वच्छता अभियान, रक्तदान ,यातायात जागरूकता अभियान, वृक्षारोपण अभियान चलाकर युवाओं को जागरूक कर रहे हैं।
इस अवसर पर कोंडागांव ब्लॉक से अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के संरक्षक एवं बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा, उपाध्यक्ष अजनेर लकड़ा, कोषाध्यक्ष सोमेश्वर भारती, सदस्य श्रीकांत तिवारी, बड़े राजपुर ब्लॉक से ब्लॉक अध्यक्ष रूपउ राम मरकाम, ब्लॉक सचिव संतोष मरकाम और निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण लेने वाले समस्त ब्लॉक से 170 युवक एवं युवतियां उपस्थित रहे।