कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 21 जून। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय, गृह मंत्रालय तथा महानिदेशालय केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के दिशा-निर्देशानुसार 21 जून को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया गया। 188 बटालियन सीआरपीएफ द्वारा चिकलपुट्टी कोण्डागांव प्रांगण सहित वाहिनी के विभिन्न कैंपों— केशकाल (कोण्डागांव), पालेम व मारीपारा (सुकमा) और पुष्पालघाट (बस्तर) में योगाभ्यास का आयोजन किया गया। जिसमें बल के जवानों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों और स्कूली बच्चों ने भी अपनी भागीदारी निभाई।
मानसिक तनाव से मुक्ति का साधन है योग — द्वितीय कमान अधिकारी
188 बटालियन के द्वितीय कमान अधिकारी नीतीन्द्र नाथ के मार्गदर्शन में इन कार्यक्रमों का संचालन किया गया। कार्यक्रम के दौरान योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा- नियमित योग करने से व्यक्ति में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और शरीर स्वस्थ बना रहता है। योग निश्चित रूप से मानसिक तनाव से मुक्ति प्रदान करने का साधन है और यह तनावपूर्ण जीवन के लिए संजीवनी का काम करता है।
उन्होंने आगे बताया कि वाहिनी द्वारा सुदूर क्षेत्रों में तैनात होने के बावजूद भी इस अवसर पर सार्वजनिक स्थलों पर योग कार्यक्रमों का आयोजन कर आमजन में इसके प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया है। इसके साथ ही उन्होंने योग के प्रति भारत सरकार और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी साझा की।
नियमित योगाभ्यास का संकल्प
चिकलपुट्टी प्रांगण और अन्य कैंपों में आयोजित सत्रों के दौरान उपस्थित लोगों ने योग के विभिन्न आसनों और प्राणायामों का सामूहिक अभ्यास किया। सत्र के अंत में सभी उपस्थित कार्मिकों और नागरिकों द्वारा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा नियमित योगाभ्यास करने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर 188 बटालियन के वरिष्ठ अधिकारी अविज्ञान कुमार (द्वितीय कमान अधिकारी), दीपक सिंह (उप कमाण्डेन्ट), डॉ. राहुल चंद्रन आर.पी. सहित अधीनस्थ अधिकारी, जवान, स्थानीय महिलाएं, युवा और छात्र-छात्राएं मुख्य रूप से उपस्थित रहे।