कोण्डागांव

शादी का झांसा दे रेप, आरोपी बंदी
21-Jun-2026 10:07 PM
शादी का झांसा दे  रेप, आरोपी बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल, 21 जून। शादी का झांसा देकर युवती से रेप के मामले में केशकाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी।

पुलिस के अनुसार पीडि़ता ने 19 जून को थाना केशकाल में रिपोर्ट दर्ज कराई कि अगस्त 2025 में आरोपी ईश्वर जैन ने शादी करने का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद वह पीडि़ता को अपने साथ तमिलनाडु ले गया, जहां दोनों एक ही कमरे में पति-पत्नी की तरह रहने लगे। इस दौरान पीडि़ता गर्भवती हो गई।

पीडि़ता का आरोप है कि गर्भवती होने की जानकारी मिलने पर आरोपी ने जरूरी काम बताकर गांव लौटने और बाद में शादी करने का आश्वासन दिया, लेकिन वापस नहीं आया। बाद में जब पीडि़ता केशकाल पहुंचकर आरोपी से मिली और शादी की बात कही, तो उसने शादी से इनकार कर दिया तथा अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा एवं एसडीओपी अरुण कुमार नेताम के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने आरोपी ईश्वर जैन ग्राम चिखली, थाना आमाबेड़ा, जिला कांकेर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


अन्य पोस्ट