कोण्डागांव

ढाई घंटे तक नहीं पहुंची 108 एंबुलेंस, अस्पताल में तड़पते युवक ने तोड़ा दम
20-Jun-2026 10:22 PM
ढाई घंटे तक नहीं पहुंची 108 एंबुलेंस, अस्पताल में तड़पते युवक ने तोड़ा दम

फरसगांव अस्पताल में 10 दिनों से नहीं थी एंबुलेंस की सुविधा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

फरसगांव/केशकाल, 20 जून। कोंडागांव जिले के फरसगांव क्षेत्र के ग्राम बेलभाटा में हुए सडक़ हादसे के बाद एक गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल में तड़पते मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि समय पर एंबुलेंस और जरूरी उपचार नहीं मिलने के कारण युवक की जान चली गई।

शुक्रवार देर शाम बड़ेडोंगर थाना क्षेत्र के ग्राम बेलभाटा में पिकअप और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरसगांव लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की बात कही गई।

रात 8 बजे दी सूचना, 10.30 बजे पहुंची एंबुलेंस

मृतक घुड़उ राम माली के परिजनों का आरोप है कि रात करीब 8 बजे 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई थी, लेकिन एंबुलेंस करीब ढाई घंटे बाद रात 10.30 बजे अस्पताल पहुंची। इस दौरान गंभीर रूप से घायल युवक अस्पताल में ही पड़ा रहा और आखिरकार उसकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि यदि समय पर एंबुलेंस की सुविधा मिल जाती तो उसकी जान बच सकती थी।

ऑक्सीजन भी समय पर नहीं मिली

परिजनों ने आरोप लगाया है कि घायल युवक को समय पर ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं कराई गई और लंबे समय तक अस्पताल परिसर में ही रखा गया। मामले की पड़ताल के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरसगांव में 108 एंबुलेंस खड़ी मिली। चालक ने बताया कि फरसगांव अस्पताल में पिछले 10 दिनों से एंबुलेंस उपलब्ध नहीं थी और वह कोंडागांव से एंबुलेंस छोडऩे आया है।

9 जून को दुर्घटनाग्रस्त हुई थी फरसगांव की एंबुलेंस, 10 दिन बीत गया लेकिन नहीं बना

फोन पर चर्चा के दौरान बस्तर जोनल इंचार्ज रूपेश कुमार सिन्हा ने बताया कि 9 जून को फरसगांव की एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, जिसके बाद आवश्यकता पडऩे पर कोंडागांव या केशकाल से एंबुलेंस भेजी जाती थी। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में उन्हें कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।

खबर के बाद हरकत में आया प्रशासन

मामला सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आया और आनन-फानन में कोंडागांव से एक एंबुलेंस फरसगांव भेजी गई।  पीडि़त परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उचित मुआवजा देने की मांग की है।


अन्य पोस्ट