कोण्डागांव

जनप्रतिनिधियों का घर पहुंच स्वास्थ्य परीक्षण, विधायक और पूर्व मंत्री ने कराई जांच
20-Jun-2026 10:17 PM
जनप्रतिनिधियों का घर पहुंच स्वास्थ्य परीक्षण, विधायक और पूर्व मंत्री ने कराई जांच

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 20 जून। मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के अंतर्गत जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विशेष स्वास्थ्य परीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा शुक्रवार को क्षेत्र के प्रमुख जनप्रतिनिधियों के निवास पहुंचकर उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

शनिवार सुबह अभियान के तहत विधायक लता उसेंडी, पूर्व मंत्री मोहन मरकाम सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों के घर पहुंचकर स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने स्वास्थ्य जांच की। इस दौरान रक्तचाप, मधुमेह, सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण सहित विभिन्न आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी प्रदान किया गया।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान का उद्देश्य बस्तर संभाग के नागरिकों को उनके घर के समीप बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान सुनिश्चित करना है। जनप्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अभियान से आम लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता मिलेगी तथा समय पर जांच और उपचार की सुविधा प्राप्त होगी।


अन्य पोस्ट