कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 19 जून। कोण्डागांव नगर के ब्लॉक कॉलोनी स्थित शासकीय स्कूल के जर्जर भवन को शासन के निर्देश पर 30 अप्रैल को डिस्मेंटल कर दिया गया था। भवन की जर्जर स्थिति को लेकर पालक वर्षों से इसकी मांग कर रहे थे, जिसके बाद ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान भवन को तोड़ दिया गया। हालांकि नया शिक्षण सत्र 16 जून से शुरू होने के बावजूद अब तक भवन का मलबा परिसर से नहीं हटाया गया है।
स्कूल परिसर में भारी मात्रा में मलबा और लोहे के उभरे हुए सरिए पड़े होने से विद्यार्थियों की सुरक्षा को गंभीर खतरा बना हुआ है। पालकों का कहना है कि किसी भी समय कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
इस संबंध में स्कूल प्रबंधन द्वारा खंड शिक्षा अधिकारी कोण्डागांव एवं नगर पालिका परिषद को सूचना दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। शुक्रवार दोपहर 2 बजे पालकों ने पब्लिक एप के माध्यम से शासन-प्रशासन से तत्काल मलबा हटाने और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।