कोण्डागांव

188वीं वाहिनी सीआरपीएफ का जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर
15-Jun-2026 9:44 PM
188वीं वाहिनी सीआरपीएफ का जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 15 जून। भारत सरकार के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी स्वैच्छिक रक्तदान दिवस अभियान के तहत 14 जून को 188वीं वाहिनी सीआरपीएफ द्वारा जिला अस्पताल कोंडागांव में एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

यह कार्यक्रम ‘रक्त दो, आशा दो: साथ मिलकर हम जीवन बचाते हैं’ नारे के तहत द्वितीय कमान अधिकारी (कमांडेंट एओएल) नीतीन्द्र नाथ के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। वाहिनी ने इसके लिए जिला अस्पताल के चिकित्सकों से संपर्क कर समन्वय स्थापित किया था।

शिविर के दौरान वाहिनी के कार्मिकों ने रक्तदान किया। इसके साथ ही उपस्थित जवानों और नागरिकों को भविष्य में रक्तदान करने तथा अन्य लोगों को इसके लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में 188वीं वाहिनी सीआरपीएफ के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों और जवानों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। द्वितीय कमान अधिकारी नीतीन्द्र नाथ ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा- रक्तदान दिवस का मुख्य उद्देश्य स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देना है जिससे जरूरतमंद लोगों के लिए सुरक्षित और सुलभ रक्त की आपूर्ति हो सके। रक्तदान महादान होता है, आपका दान किसी का जीवन बचा सकता है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से वाहिनी द्वारा इस प्रकार के आयोजन निरंतर किए जाते रहे हैं।

इस अवसर पर सीआरपीएफ की ओर से द्वितीय कमान अधिकारी अविज्ञान कुमार, सहायक कमांडेंट अमर सिंह मीणा, डॉ. राहुल चंद्रन आर.पी. और जिला अस्पताल की ओर से डॉ. भाग्यलक्ष्मी कोसमा (एमडी पैथोलॉजिस्ट) सहित अन्य अधीनस्थ अधिकारी और कार्मिक उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट