कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 15 जून। थाना अनंतपुर क्षेत्र के ओडारगांव में सहयोग चौपाल आयोजित किया गया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देशन में आयोजित होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस के मुताबिक, चौपाल में ग्राम पंचायत ओडारगांव के सरपंच, पंच, गायता, पुजारी तथा ग्रामीण शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों के साथ गांव से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
पुलिस के अनुसार, चर्चा के दौरान उपस्थित ग्रामीणों ने बताया कि गांव में जमीन विवाद, अतिक्रमण विवाद अथवा अन्य किसी समस्या की जानकारी उनके पास नहीं है।
चौपाल में पुलिस ने ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में जानकारी दी। लोगों से पासवर्ड और ओटीपी किसी के साथ साझा नहीं करने, अनजान लिंक न खोलने तथा आधार कार्ड, वोटर आईडी, बैंक पासबुक और पासपोर्ट जैसे व्यक्तिगत दस्तावेजों की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा नहीं करने की सलाह दी गई। साथ ही पैसा दोगुना करने, बिना ब्याज ऋण और ऑनलाइन सट्टेबाजी जैसे प्रलोभनों से सावधान रहने तथा साइबर ठगी की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना देने के बारे में बताया गया।
इसके अलावा बाल विवाह निषेध, महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, पॉक्सो अधिनियम, यातायात नियमों, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट के उपयोग, वाहन पंजीकरण, बीमा और ड्राइविंग लाइसेंस संबंधी नियमों की जानकारी भी दी गई। किसी आपात स्थिति में डायल-112 के माध्यम से सहायता प्राप्त करने के बारे में भी ग्रामीणों को बताया गया। पुलिस ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने सहयोग चौपाल पहल के संबंध में अपनी प्रतिक्रिया भी साझा की।


