कोण्डागांव

गैस सिलेंडर लीक होने से घर में लगी आग, परिवार के 4 झुलसे
14-Jun-2026 10:21 PM
गैस सिलेंडर लीक होने से घर में लगी आग, परिवार के 4 झुलसे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल, 14 जून। कोंडागांव जिले के ग्राम पंचायत कोपरा छिंदली में शनिवार शाम एक हादसा हो गया। घर में गैस सिलेंडर से गैस रिसाव होने के कारण अचानक भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आकर एक ही परिवार के चार सदस्य झुलस गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक महिला की हालत गंभीर होने पर उसे रायपुर रेफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 6 बजे घर में रखे गैस सिलेंडर से गैस का रिसाव हो रहा था। इसी दौरान अचानक आग भडक़ उठी और देखते ही देखते पूरे घर में फैल गई। आग की लपटों में घर के भीतर मौजूद परिवार के सदस्य घिर गए और गंभीर रूप से झुलस गए। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने के साथ घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुट गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरसगांव पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल कोण्डागांव रेफर कर दिया गया।

महिला की हालत गंभीर, रायपुर रेफर

जिला अस्पताल में उपचार के दौरान बीसोइन बाई मरकाम (46 वर्ष), पति गागरु राम मरकाम की स्थिति गंभीर पाई गई। चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए उन्हें रायपुर रेफर कर दिया। वहीं गागरु राम मरकाम (56 वर्ष), पिता सुकडू राम मरकाम तथा आकाश मरकाम (24 वर्ष), पिता जय सिंह मरकाम का जिला अस्पताल कोण्डागांव में उपचार जारी है। घटना में घायल सुदामा मरकाम (60 वर्ष), पिता ढुसी राम मरकाम को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

गैस रिसाव को माना जा रहा प्रारंभिक कारण

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण गैस सिलेंडर से गैस रिसाव माना जा रहा है। हालांकि संबंधित विभाग द्वारा घटना की जांच की जा रही है और वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। हादसे के बाद पूरे कोपरा छिंदली गांव में चिंता और दुख का माहौल है। ग्रामीणों ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए प्रशासन से प्रभावित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।


अन्य पोस्ट