कोण्डागांव

41 युवकों का अग्निवीर में चयन, सम्मान
14-Jun-2026 10:20 PM
 41 युवकों का अग्निवीर में चयन, सम्मान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 14 जून। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के संरक्षक एवं बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा के निर्देशन में एवं जिला अध्यक्ष  सूरज यादव के मार्गदर्शन में 41 युवकों का अग्निवीर में चयनित होने पर शनिवार को सम्मान समारोह कार्यक्रम आयोजित किया गया।

पूर्व सैनिकों के द्वारा कोंडागांव ब्लॉक, बड़ेराजपुर ब्लॉक, फरसगांव ब्लॉक और केशकाल ब्लॉक से निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्राप्त कर 41 युवकों का अग्निवीर में चयन होने पर सभी युवकों को पुष्पमाला पहनाकर और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया एवं उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गई।

 ज्ञात हो कि कोंडागाँव जिला के पूर्व सैनिक अपने पेंशन के पैसे से बस्तर के युवाओं को निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण दे रहे हैं, जिसके फलस्वरुप बहुत से युवक एवं युवती बस्तर फाइटर, अर्ध सैनिक बल, नगर सेना और जिला बल में चयनित होकर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

 कोंडागांव जिला के पूर्व सैनिक बस्तर के युवाओं के लिए वरदान साबित हो रहे हैं। पूर्व सैनिकों के द्वारा प्रतिदिन सुबह 5.30 से 7.30 बजे तक विकासनगर स्टेडियम में नि:शुल्क सैन्य प्रशिक्षण दिया जाता है ताकि कोंडागांव जिले से अधिक से अधिक संख्या में युवाओं का सैन्य सेवा में चयन हो सके।

 इस अवसर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के संरक्षक एवं बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा, जिला अध्यक्ष सूरज यादव, उपाध्यक्ष अजनेर लकड़ा, सदस्य रतिराम सोरी, राकेश धीवर, ढालेश साहू मुख्य रूप से उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट