कोण्डागांव

नौकरी लगाने के नाम पर साढ़े 6 लाख की ठगी, आरोपी बंदी
14-Jun-2026 10:17 PM
नौकरी लगाने के नाम पर साढ़े 6 लाख की ठगी, आरोपी बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 14 जून। कोण्डागांव पुलिस ने पटवारी पद पर नौकरी लगाने के नाम पर एक युवक से साढ़े 6 लाख की धोखाधड़ी करने के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी ठगी और बलवा जैसे मामले दर्ज रहे हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 13 जून को ग्राम गिरोला निवासी प्रार्थी अभिराम सोरी ने थाना कोण्डागांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने अपनी शिकायत में बताया कि वर्ष 2017 में निकली पटवारी भर्ती परीक्षा के दौरान ग्राम बफना निवासी उसके पूर्व परिचित रितेश पटेल ने नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया था। इसके एवज में उसने प्रार्थी से 6,500,00 रुपये ले लिए। राशि लेने के बाद भी न तो नौकरी लगवाई गई और न ही बार-बार मांगने पर रकम वापस की गई।

प्रार्थी की शिकायत के आधार पर थाना कोण्डागांव में आरोपी के खिलाफ धारा 420 (भादवि) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा और अनुविभागीय अधिकारी रूपेश कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय के नेतृत्व में कोण्डागांव थाना और साइबर सेल की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया।

गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए ग्राम बफना निवासी आरोपी रितेश पटेल को उसके निवास स्थान से हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद 14 जून को उसे गिरफ्तार किया गया।

 गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को दे दी गई है और आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी रितेश पटेल पूर्व में भी ठगी, बलवा और प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत जेल जा चुका है।


अन्य पोस्ट