कोण्डागांव
केशकाल, 13 जून। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर केशकाल नगर स्थित स्टेट बैंक के सामने शुक्रवार शाम एक मोटरसाइकिल और स्कूटी के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिससे दोनों वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और चालक सडक़ पर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय नागरिकों की तत्परता से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केशकाल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
स्कूटी सवार घायल युवती की पहचान ललित पोटाई, निवासी हर्रापड़ाव (केशकाल) के रूप में हुई है, जबकि बाइक सवार घायल युवक पुष्पेंद्र साहू, निवासी नरहरपुर बताया जा रहा है। दुर्घटना में घायल बाइक सवार युवक के नशे की हालत में होने की चर्चा है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस अथवा चिकित्सकीय जांच रिपोर्ट से होना बाकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना में घायल युवती ललित पोटाई को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किए जाने की तैयारी की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही केशकाल पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच जारी है।


