कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 13 जून। बयानार थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर रेप करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को शिकायत दर्ज होने के कुछ घंटों के भीतर हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने बताया कि 10 जून को 33 वर्षीय एक महिला ने थाना बयानार में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि उसके गांव के निवासी दशमन नेताम के साथ पिछले कई वर्षों से उसका प्रेम संबंध था। महिला का आरोप है कि आरोपी ने उससे शादी करने का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि इस दौरान वह कई बार गर्भवती हुई और गर्भपात कराया गया।
महिला ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि 6 जून को आरोपी ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। शिकायत के अनुसार, आरोपी अब उससे शादी करने से इनकार कर रहा है।
पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी को उसके गांव से हिरासत में लिया गया। पूछताछ और प्रारंभिक जांच के बाद उसे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अनुसार, कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देशन तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई।


