कोण्डागांव
कोण्डागांव, 11 जून। सिटी कोतवाली कोण्डागांव अंतर्गत कोकोड़ी गांव में गुरुवार सुबह एक युवती का शव जामुन के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना पर सिटी कोतवाली कोण्डागांव पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जानकारी अनुसार, मृतिका स्वाति पोयाम पिता कार्तिक पोयाम निवासी कोकोड़ी नयापारा की रहने वाली थी। बताया गया है कि, वह प्रतिदिन मजदूरी कार्य के लिए कोण्डागांव आती-जाती थी। गुरुवार सुबह भी वह लगभग 8 बजे घर से काम पर जाने के लिए निकली थी।इसी दौरान गांव की लच्छनदई पोयाम सरई बीनने के लिए खेत की ओर गई थी। सुबह लगभग 9 बजे उसने जग्गू नेताम के खेत में स्थित जामुन के पेड़ के नीचे स्वाति का मोबाइल बजते हुए देखा। पास जाकर देखने पर स्वाति पोयाम पेड़ पर अपनी ही चुन्नी के सहारे फांसी के फंदे में लटकी हुई मिली। घटना की जानकारी परिजनों को दी गई, जिसके बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। तब तक युवती की मौत हो चुकी थी। परिजनों ने बताया कि उसने यह कदम क्यों उठाया, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।


