कोण्डागांव
कोण्डागांव, 9 जून। कोण्डागांव जिले में पुलिस प्रशासन और नगरपालिका परिषद द्वारा सहयोग चौपाल का आयोजन कर एक निर्माण कार्य से उपजे विवाद का शांतिपूर्ण समाधान किया गया। अजाक थाना परिसर के पास चल रहे व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स के निर्माण के दौरान पुलिस कॉलोनी के शासकीय भवनों को क्षति पहुँची थी, जिसके बाद इस बैठक का आयोजन किया गया।
स्थानीय स्तर पर प्राप्त जानकारी के अनुसार, अजाक परिसर से लगे पुराने व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स को तोडक़र नवीन कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण प्रक्रिया के दौरान ठेकेदार द्वारा परिसर से सटे क्षेत्र में निर्धारित से अधिक खुदाई कर दी गई थी। इस अत्यधिक खुदाई के कारण पुलिस कॉलोनी के शौचालय (बाथरूम/टॉयलेट) और दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं, जिसे लेकर वहां निवासरत परिवारों ने अपनी आपत्ति दर्ज कराई थी।
समस्या के त्वरित और शांतिपूर्ण निराकरण के लिए ं अजाक थाना परिसर में सहयोग चौपाल लगाई गई। प्रशासनिक अधिकारियों और नगरपालिका अध्यक्ष की उपस्थिति में दोनों पक्षों की समस्याओं और तर्कों को सुना गया।
दोनों पक्षों के बीच आपसी संवाद के माध्यम से क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत और सुरक्षा मानकों को लेकर सहमति बनी, जिसके बाद मामले का निराकरण किया गया।
सहयोग चौपाल में नगरपालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) रूपेश कुमार, थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय एवं अजाक प्रभारी उप निरी अमिताभ खाण्डेकर, प्रभावित पुलिस कॉलोनी के निवासी, निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार और अन्य स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


