कोण्डागांव

खाद, डीजल और धान खरीदी घोटालों के मुद्दे पर किसान कांग्रेस का ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी
08-Jun-2026 10:23 PM
खाद, डीजल और धान खरीदी घोटालों के मुद्दे पर किसान कांग्रेस का ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 8 जून। किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर जिला किसान कांग्रेस ने सोमवार को शासन-प्रशासन के नाम ज्ञापन सौंपा। छत्तीसगढ़ प्रदेश किसान कांग्रेस के निर्देश पर दिए गए इस ज्ञापन में किसानों को खाद, डीजल और धान खरीदी व्यवस्था से संबंधित परेशानियों से राहत दिलाने की मांग की गई है। साथ ही समस्याओं का समाधान नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है।

जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष हीरालाल नेताम ने कहा कि, धान का कटोरा कहे जाने वाले छत्तीसगढ़ में आज किसान कई तरह की कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं हो रही है। सरकार के निर्देशानुसार प्रति एकड़ एक से दो बोरी खाद देने से बेहतर उत्पादन संभव नहीं है। साथ ही खाद की कालाबाजारी भी शुरू हो गई है, जिससे किसानों को अधिक कीमत पर खाद खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि खेती-किसानी के कार्यों के लिए डीजल की आवश्यकता होती है, लेकिन किसानों को जरकिन में डीजल नहीं मिल रहा है। ऐसे में किसानों को बार-बार ट्रैक्टर लेकर पेट्रोल पंप जाना पड़ता है, जिससे उन्हें अतिरिक्त परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसान कांग्रेस ने ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन को किसानों की समस्याओं से अवगत कराते हुए मांग की है कि खाद की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए सख्त कार्रवाई हो तथा किसानों को कृषि कार्यों के लिए डीजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था बनाई जाए।

ज्ञापन में धान खरीदी केंद्रों में हुए कथित घोटालों की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की भी मांग की गई है। किसान कांग्रेस का कहना है कि यदि सरकार किसानों के हित में शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाती है तो आने वाले दिनों में व्यापक आंदोलन किया जाएगा।


अन्य पोस्ट