कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 7 जून। कोंडागांव पुलिस ने मोटरसाइकिल कम कीमत पर उपलब्ध कराने का झांसा देकर लोगों से रकम लेने के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार 22 मार्च को बसमन नेताम ने थाना कोंडागांव में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि दोनों आरोपियों ने डिस्काउंट पर मोटरसाइकिल दिलाने का दावा करते हुए उनसे तथा अन्य ग्रामीणों से विभिन्न रकम ली। शिकायतकर्ता के अनुसार वाहन उपलब्ध नहीं कराए गए और न ही रकम वापस की गई।
पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर थाना कोंडागांव में अपराध दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत जांच शुरू की गई।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच के लिए थाना कोंडागांव और साइबर शाखा की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान दोनों आरोपियों का पता लगाकर उनसे पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने ग्रामीणों से कम दाम में वाहन दिलाने के नाम पर रकम लेने तथा उनसे आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक और अन्य दस्तावेज प्राप्त करने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों सुखधर पोयाम तथा जयन्तो हलदार नाइक दोनों निवासी कोंडागांव को 4 जून को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी की सूचना उनके परिजनों को देने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है।


