कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 7 जून। कोंडागांव पुलिस ने शराब तस्करी के आरोप में एक आरोपी गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 11.580 बल्क लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई है।
पुलिस विभाग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार 4 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल में शराब लेकर बायपास रोड के रास्ते सिरपुर की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एनएच-30 स्थित दिनेश पेट्रोल पंप के आगे नाकाबंदी की।
पुलिस के अनुसार संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर चालक से पूछताछ की गई। उसने अपना नाम धनराज सुरोजिया निवासी सिरपुर सडक़पारा, थाना फरसगांव, जिला कोंडागांव बताया।
पुलिस का कहना है कि मोटरसाइकिल की तलाशी के दौरान पीछे बंधी प्लास्टिक बोरी से अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस ने शराब को जब्त कर लिया।
पुलिस के अनुसार मामले में थाना कोतवाली कोंडागांव में अपराध दर्ज कर छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।


