कोण्डागांव

अपराध समीक्षा बैठक में लंबित मामलों के निराकरण पर जोर
07-Jun-2026 10:15 PM
अपराध समीक्षा बैठक में लंबित मामलों के निराकरण पर जोर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 7 जून। पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने 5 जून को जिले के पुलिस अनुविभागीय अधिकारियों और थाना प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में लंबित अपराधों, शिकायतों और अन्य मामलों की समीक्षा की गई।

पुलिस विभाग के अनुसार बैठक में थाना स्तर पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निराकरण, लंबित मामलों में चालान प्रस्तुत करने, सोशल मीडिया पर निगरानी रखने तथा विवेचना की गुणवत्ता में सुधार के संबंध में निर्देश दिए गए। साथ ही असामाजिक गतिविधियों और अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस की उपस्थिति बढ़ाने पर चर्चा की गई।

पुलिस अधीक्षक ने लंबित अपराधों के निराकरण, समन एवं वारंट की तामिली तथा फरियादियों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के संबंध में थाना प्रभारियों को निर्देश दिए। विभाग के अनुसार सामुदायिक पुलिसिंग के तहत साइबर अपराध, बैंक एवं एटीएम धोखाधड़ी तथा यातायात नियमों के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम चलाने पर भी जोर दिया गया। बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और नियमित गश्त करने के निर्देश भी दिए गए। इसमें जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी तथा थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान पुलिस विभाग ने विभिन्न अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित भी किया। विभाग के अनुसार कॉप ऑफ द मंथ सम्मान अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) फरसगांव अभिनव उपाध्याय तथा थाना प्रभारी विश्रामपुरी, निरीक्षक शंकर लाल ध्रुव को प्रदान किया गया।

इसी प्रकार एम्पलाई ऑफ द मंथ सम्मान रीडर, पुलिस अधीक्षक कार्यालय के उपनिरीक्षक खेमराज जैन तथा डीएसबी शाखा के प्रधान आरक्षक कैलाश ठाकुर को दिया गया।

पुलिस विभाग के अनुसार पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने सम्मानित अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी तथा उन्हें आगे भी अपने कार्यों को जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।


अन्य पोस्ट