कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 7 जून। कोंडागांव सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मसोरा टोल प्लाजा के समीप शनिवार शाम एक युवक का शव पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान ग्राम बाडरा निवासी कमलेश नेताम के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम लगभग 4.30 बजे राहगीरों ने टोल प्लाजा के पास एक नीलगिरि के पेड़ पर युवक का शव लटका देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही डायल 112 और सिटी कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने मृतक की पहचान की पुष्टि करते हुए शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि आत्महत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है तथा मामले की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।


