कोण्डागांव

बस किराया वृद्धि और महंगाई से राहत देने सीपीआई ने सौंपा ज्ञापन
05-Jun-2026 10:14 PM
बस किराया वृद्धि और महंगाई से राहत देने सीपीआई ने सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 5 जून। कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (सीपीआई) की जिला परिषद् कोण्डागांव ने बस किराया वृद्धि और महंगाई के मुद्दे को लेकर राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन अनुविभागीय दण्डाधिकारी (एसडीएम) कोण्डागांव को सौंपा।

ज्ञापन में सीपीआई ने कहा कि बस्तर संभाग में सार्वजनिक परिवहन के सीमित विकल्प होने के कारण बड़ी संख्या में लोग बस सेवाओं पर निर्भर हैं। पार्टी ने आरोप लगाया कि हाल के दिनों में बस किराए में वृद्धि हुई है, जिससे किसानों, मजदूरों, विद्यार्थियों, मरीजों और अन्य यात्रियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है।

पार्टी का कहना है कि आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि के बीच बस किराए में बढ़ोतरी से आम लोगों की कठिनाइयां बढ़ी हैं। सीपीआई ने यह भी दावा किया कि बस्तर संभाग के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों पर इसका अधिक प्रभाव पड़ रहा है।

ज्ञापन के माध्यम से सीपीआई ने मांग की है कि बस किराया वृद्धि वापस ली जाए, किसानों और अन्य यात्रियों को किराए में रियायत दी जाए, राज्य संचालित बस सेवाओं का विस्तार किया जाए, बस्तर संभाग के लिए विशेष यातायात नीति बनाई जाए तथा भविष्य में किराया वृद्धि से पहले जनप्रतिनिधियों से परामर्श किया जाए। सीपीआई के राज्य सचिव एवं बस्तर संभाग संयोजक तिलक पाण्डे के निर्देश पर जिला सचिव शैलेष के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन सौंपा। इस दौरान जिला सहायक सचिव दिनेश कुमार मरकाम सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

ज्ञापन सौंपने के दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन को आगे बढ़ाएगा।


अन्य पोस्ट