कोण्डागांव
बाइपास, सडक़ और जल जीवन मिशन कार्यों का किया निरीक्षण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 5 जून। चार दिवसीय बस्तर प्रवास के दौरान प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव शुक्रवार को केशकाल पहुंचे। उन्होंने निर्माणाधीन केशकाल बाइपास मार्ग, नगर की मुख्य सडक़ तथा ग्राम बेड़मा में जल जीवन मिशन के तहत संचालित कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
डिप्टी सीएम अरुण साव ने सबसे पहले निर्माणाधीन केशकाल बाइपास मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति, भूमि अधिग्रहण, पेड़ों की कटाई तथा अन्य तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को शीघ्र बेहतर यातायात सुविधा मिल सके।
बाइपास निरीक्षण के बाद उपमुख्यमंत्री केशकाल नगर पहुंचे, जहां उन्होंने शहर की मुख्य सडक़ का निरीक्षण किया। इस दौरान विधायक नीलकंठ टेकाम ने नगर में सडक़ चौड़ीकरण एवं नाली निर्माण की आवश्यकता से अवगत कराया। इस पर अरुण साव ने कहा कि केंद्र सरकार से आवश्यक स्वीकृति प्राप्त कर जल्द ही कार्य प्रारंभ कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केशकाल शहर को बेहतर सडक़ और जल निकासी व्यवस्था की सौगात मिलेगी।
इसके बाद उपमुख्यमंत्री ग्राम बेड़मा पहुंचे, जहां उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत संचालित कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर घर तक नल जल योजना का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही कार्यों की गुणवत्ता एवं नियमित निगरानी पर विशेष ध्यान देने को कहा।
निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री ने ग्रामीण महिलाओं एवं ग्रामीणजनों से चर्चा कर योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने जल जीवन मिशन के लाभार्थियों को नल जल योजना के प्रमाण पत्र भी वितरित किए और कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक परिवार तक शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना है।
मीडिया से चर्चा करते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि विधायक नीलकंठ टेकाम द्वारा केशकाल-विश्रामपुरी मार्ग के चौड़ीकरण तथा केशकाल नगर में सडक़ एवं नाली निर्माण की मांग रखी गई है। इस संबंध में केंद्र सरकार से पत्राचार कर आवश्यक स्वीकृति प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी।
हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता
अरुण साव ने कहा कि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचे और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान हो। निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान विधायक नीलकंठ टेकाम, भाजपा जिलाध्यक्ष सेवकराम नेताम, सरपंच लंबोदर सलाम, कलेक्टर नुपुर राशि पन्ना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


