कोण्डागांव

सहयोग चौपाल: गौरगांव में केशकाल पुलिस ने सुनी समस्याएं
03-Jun-2026 9:45 PM
सहयोग चौपाल: गौरगांव में केशकाल पुलिस ने सुनी समस्याएं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 3 जून। कोंडागांव पुलिस की अभिनव पहल सहयोग चौपाल ग्रामीण क्षेत्रों में जनसमस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच बनकर उभर रही है। इसी कड़ी में थाना केशकाल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गौरगांव में सहयोग चौपाल का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक कोंडागांव पंकज चंद्रा के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा एवं एसडीओपी अरुण नेताम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विकास बघेल के नेतृत्व में आयोजित इस चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।

चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सीधे पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखे। आपसी विवाद, सामाजिक मनमुटाव, भूमि संबंधी मामले, कानून व्यवस्था एवं अन्य स्थानीय मुद्दों पर खुलकर चर्चा की गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों को कानूनी जानकारी प्रदान करते हुए आपसी सौहार्द, भाईचारे और सहभागिता की भावना के साथ रहने की समझाइश दी। साथ ही समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

विशेष बात यह रही कि सहयोग चौपाल को ग्रामीणों का सकारात्मक और उत्साहजनक प्रतिसाद मिल रहा है।

लोग स्वस्फूर्त रूप से चौपाल में शामिल होकर अपनी समस्याएं पुलिस के समक्ष रख रहे हैं तथा उनके समाधान की दिशा में हो रही पहल से संतुष्टि जता रहे हैं। ग्रामीणों ने कोंडागांव पुलिस की इस जनहितैषी पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास एवं संवाद और अधिक मजबूत हो रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिलेभर में सहयोग चौपाल का आयोजन लगातार जारी रहेगा, ताकि लोगों की समस्याओं का समाधान उनके गांवों तक पहुंचकर किया जा सके।


अन्य पोस्ट