कोण्डागांव

गोदाम से खाद चोरी, 3 गिरफ्तार
31-May-2026 10:55 PM
गोदाम से खाद चोरी, 3 गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 31 मई। विश्रामपुरी पुलिस ने आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित लिहागांव के खाद गोदाम से उर्वरक गायब होने के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि उनके पास से डीएपी और यूरिया खाद की कुल 154 बोरियां ग्राम किबेकोंगा ओडिशा से बरामद की गई हैं।

पुलिस के अनुसार, समिति के खाद गोदाम से उर्वरक गायब होने की शिकायत 21 मई को अनुप कुमार निषाद ने दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया कि 17 मई की रात से 18 मई की सुबह के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने गोदाम का ताला तोडक़र वहां रखी 61 बोरी यूरिया और 95 बोरी डीएपी खाद निकाल ली। पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान उसे ओडिशा के नवरंगपुर जिले के किबेकोंगा गांव में कुछ लोगों के पास बड़ी मात्रा में रासायनिक खाद होने की सूचना मिली। इसके बाद प्रेमलाल गोंड , संतु गोंड  और प्रेमलाल गोंड  को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान तीनों ने अपने कथनों में लिहागांव स्थित खाद गोदाम से खाद ले जाने की बात स्वीकार की। पुलिस का यह भी दावा है कि आरोपियों के कथनों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर डीएपी और यूरिया की कुल 154 बोरियां बरामद की गईं।

पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों को 30 मई को गिरफ्तार किया गया और उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

मामले की जांच जारी है। आरोपियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के दौरान होगी।


अन्य पोस्ट