कोण्डागांव

रात को आधे शहर की बिजली गुल, विधायक पहुंचीं कंट्रोल रूम, सवा घंटे बाद बहाल हुई सेवा
27-May-2026 11:06 PM
रात को आधे शहर की बिजली गुल, विधायक पहुंचीं कंट्रोल रूम, सवा घंटे बाद बहाल हुई सेवा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 27 मई। जिला मुख्यालय कोण्डागांव के आधे शहर में मंगलवार रात अचानक बिजली गुल होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। भीषण गर्मी के बीच बिजली बंद होने से शहरवासी देर रात तक परेशान रहे।

जानकारी अनुसार, 11 केवी मेन लाइन के जम्पर में खराबी आने के कारण कोण्डागांव के जय स्तंभ चौक से लेकर चिखलपुटी, जिला अस्पताल, पुलिस लाइन तक, नहरपारा से लेकर प्रेमनगर डीएनके तक शहर के कई हिस्सों की विद्युत सेवा प्रभावित हो गई। रात 10.12 बजे से बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिसे विभाग ने मरम्मत कार्य के बाद रात 11.25 बजे पुन: बहाल किया। इस दौरान करीब 1 घंटा 13 मिनट तक शहर के कई इलाके अंधेरे में डूबे रहे।

बिजली गुल होने की सूचना मिलते ही स्थिति का जायजा लेने कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी देर रात विद्युत विभाग के कंट्रोल रूम पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से जानकारी लेते हुए व्यवस्था का निरीक्षण किया।

विधायक लता उसेंडी ने बताया कि बिजली कटौती की जानकारी मिलने पर वे स्वयं स्थिति देखने पहुंचीं। जांच में पता चला कि 11 केवी लाइन के जम्पर में खराबी आने के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित हुई है। विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मरम्मत कार्य में जुटे हुए थे, जिसके बाद विद्युत सेवा बहाल कर दी गई।

उन्होंने कहा कि जिले में लगातार बढ़ रही बिजली खपत को देखते हुए नए सब-स्टेशन स्थापित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। पिछले 10 वर्षों में जिले में नया सब-स्टेशन नहीं बन पाया था, लेकिन अब नई परियोजनाएं पाइपलाइन में हैं और भविष्य में विद्युत व्यवस्था को और मजबूत बनाने के प्रयास जारी है।


अन्य पोस्ट