कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 27 मई। राज्य शासन की मंशानुरूप आम नागरिकों की समस्याओं एवं मांगों के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से जिले में बस्तर मुन्ने एवं सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को फरसगांव विकासखंड अंतर्गत ग्राम सोड़मा में जिला स्तरीय शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना, जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, जनपद सदस्य विजय मरकाम, जनपद पंचायत अध्यक्ष मानकु राम नेताम, जनपद सदस्य विजय मरकाम, सरपंच रामलाल नेताम, लंजोड़ा सरपंच सुनील नेताम और आसपास के समस्त सरपंच सहित एसडीएम अश्वन पुसाम, जनपद पंचायत सीईओ रूपेंद्र नेताम, तहसीलदार जय कुमार नाग, विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
शिविर को संबोधित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि सुशासन तिहार के तहत एक जगह पर ग्रामीणों को सभी योजनाओं का लाभ मिल रहा है और ग्रामीणों की मांगों और समस्याओं का त्वरित निराकरण का प्रयास भी किया जा रहा है। अब गांव में ही शिविर के आयोजन से शासन की योजनाओं का लाभ उठाने के लिए संबंधित कार्यालयों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है। जनपद पंचायत अध्यक्ष ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुशासन तिहार से मिल रही योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक उठाने की अपील ग्रामीणों से की।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। कृषि विभाग द्वारा 6 हितग्राहियों को खाद, खाद्य विभाग द्वारा 7 राशन कार्ड, स्वास्थ्य विभाग द्वारा 5 जन्म प्रमाण पत्र, और 8 आयुष्मान कार्ड, क्रेडा विभाग द्वारा 3 सोलर पम्प, वन विभाग द्वारा 2 मेधावी छात्राओं को छात्रवृत्ति, पशु पालन विभाग द्वारा 6 सामग्री अनुदान, राजस्व विभाग द्वारा 37 बीवन और 10 डिजिटल किताब, उद्यानिकी विभाग द्वारा 13 पौधे का वितरण, शिक्षा विभाग द्वारा 15 जाति प्रमाण पत्र, श्रम विभाग द्वारा 09 श्रम कार्ड और सहकारिता विभाग द्वारा 6 किसान क्रेडिट कार्ड प्रदाय की गई।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 11 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई एवं अन्नप्राशन भी कराया गया। शिविर में ग्रामीणों ने विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर शासन की पहल की सराहना की।


