कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 24 मई। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) बस्तर संभाग के संभागीय संयोजक तिलक पांडे ने 23 मई को जारी प्रेस विज्ञप्ति में जनता से राजनीतिक दलों के मुद्दों पर सतर्क रहने की अपील की है। बयान में कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी पर जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया गया है।
प्रेस विज्ञप्ति में सीपीआई ने कहा कि देश आर्थिक और सामाजिक चुनौतियों का सामना कर रहा है। पार्टी के अनुसार रुपये के मूल्य में गिरावट, महंगाई, बेरोजगारी, ईंधन संकट और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि से आम लोगों पर असर पड़ रहा है। बयान में शिक्षा व्यवस्था में गिरावट और पेपर लीक की घटनाओं पर भी चिंता जताई गई है।
सीपीआई ने आरोप लगाया कि खनिज संसाधनों के दोहन से स्थानीय लोगों के अधिकार और आजीविका प्रभावित हो रहे हैं। पार्टी ने यह भी कहा कि धार्मिक और सामाजिक तनाव के कारण समाज में दूरी और भय का माहौल बना है।
प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी जनहित के मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप में लगी हुई हैं। सीपीआई ने इसे लोकतंत्र और जनता के मुद्दों से जुड़ा विषय बताया।
पार्टी ने केंद्र और राज्य सरकारों से महंगाई और ईंधन संकट से राहत देने के लिए कदम उठाने, आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण रखने और सार्वजनिक वितरण प्रणाली तथा सब्सिडी को प्रभावी बनाने की मांग की है। ह्यसीपीआई ने बेरोजगारी कम करने के लिए रोजगार उन्मुख योजनाएँ, ग्रामीण विकास और सार्वजनिक निवेश बढ़ाने की मांग की। पार्टी ने पेपर लीक मामलों की स्वतंत्र जांच कराने और शिक्षा व्यवस्था में वैज्ञानिक एवं समावेशी नीतियाँ लागू करने की बात कही।
खनिज संसाधनों के संबंध में पार्टी ने पारदर्शी नीतियाँ लागू करने तथा आदिवासी और स्थानीय समुदायों के अधिकारों की रक्षा के लिए कदम उठाने की मांग की है।
प्रेस विज्ञप्ति में सामाजिक और धार्मिक तनाव फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ कार्रवाई तथा सामुदायिक सद्भाव बनाए रखने के लिए कार्यक्रम शुरू करने की मांग भी की गई है।
सीपीआई ने राजनीतिक दलों से व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप से हटकर जनता के मुद्दों पर काम करने की अपील की है। साथ ही सरकारी नीतियों, सार्वजनिक परियोजनाओं और संसाधन आवंटन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय जनहित समितियों के गठन और भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में कार्रवाई की मांग की गई है।
अंत में पार्टी ने लोगों से अपने मुद्दों को लेकर जनप्रतिनिधियों से जवाब मांगने और लोकतांत्रिक तरीकों से आंदोलन तथा जनसभाओं के माध्यम से आवाज उठाने की अपील की है।